नई दिल्ली। एक्सपायर माल पर नई डेट डालकर बेचने वाले गिरोह का भंडाफोड़ हुआ है। क्राइम ब्रांच ने इस गिरोह को पकडऩे में सफलता पाई है। ये गिरोह एक्सपायर खाने‑पीने के सामान और कॉस्मेटिक प्रोडक्ट्स को नया बनाकर बाजार में बेचता था। इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। वहीं भारी मात्रा में स्टॉक जब्त किया है।

यह है मामला

क्राइम ब्रांच को पता चला कि जगतपुर इलाके में अवैध तरीके से एक्सपायरी सामान स्टोर किया जा रहा है। उनकी मैन्युफैक्चरिंग डेट बदली जा रही है। इस सूचना पर पुलिस टीम ने एक गोदाम पर अचानक छापा मारा। छापेमारी के दौरान गाजियाबाद निवासी ओमप्रकाश शर्मा को गिरफ्तार किया। गोदाम के अंदर एक पूरा सेट‑अप मिला। वहां पुराने और एक्सपायर सामान का ढेर लगा था।

गोदाम में केमिकल का इस्तेमाल कर पुरानी एक्सपायरी डेट और बैच नंबर को मिटा रहे थे। प्रिंटिंग फ्रेम और मशीनों से नई तारीखें भी प्रिंट की जा रही थीं। सामान को दोबारा पैक कर नया जैसा बनाया जाता था। मौके से रोजमर्रा के इस्तेमाल वाला बड़ा स्टॉक बरामद हुआ। इसमें सेहत की दवाएं, फूड आइटम्स और कॉस्मेटिक प्रोडक्ट्स शामिल है।