बागेश्वर। तीन मेडिकल स्टोरों पर छापेमारी का मामला सामने आया है। औषधि निरीक्षक पूजा रानी ने जिले के मेडिकल स्टोरों में छापेमारी की। इस दौरान कई अनियमितताएं सामने आई। तीन मेडिकल स्टारों पर दवा वितरण पर रोक लगा दी गई है। वहीं आठ दवाओं के सैंपल लिए हैं। इन्हें जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। जांच रिपोर्ट के बाद ही आगे की कार्रवाई होगी।
यह है मामला
औषधि निरीक्षक ने गरुड़ एवं बैजनाथ स्थित दवा दुकानों का निरीक्षण किया। इस दौरान औषधियों के वैज्ञानिक भंडारण मानकों की जांच की गई। डाक्टर के वैध पर्चे पर विक्रय, नारकोटिक एवं साईकोट्रोपिक, दवा सप्लाई एवं वितरण प्रणाली आदि जांची गई। तीन दवा दुकानों में कुछ अनियमितताएं पाई गईं। इसमें सीसीटीवी बंद होना, फर्म द्वारा रिकॉर्डिंग का सत्यापन नहीं किया गया। क्रय विक्रय से संबंधी अभिलेखों का सत्यापन नहीं किया गया। दवाओं का उचित तापमान पर भंडारण नहीं किया गया।
मेडिकल स्टोर में उचित साफ सफाई नहीं मिली। मेडिकल स्टोरों द्वारा लाइसेंस की अनिवार्य शर्तों का उल्लंघन पाया गया। अनियमितता के चलते तीनों स्टोरों पर दवा वितरण पर रोक लगा दी है। आदेश तब तक प्रभावी रहेगा, जब तक संबंधित फर्म स्वामियों द्वारा संतोषजनक स्पष्टीकरण नहीं दिया जाता। संदेह के आधार पर आठ औषधियो का नमूने भी लिए गए। उन्हें जांच हेतु औषधि विश्लेषणशाला भेजा गया।










