नई दिल्ली। हेल्थ सप्लीमेंट्स में अश्वगंधा की पत्तियों के इस्तेमाल पर रोक लगा दी गई है। देश में हेल्थ सप्लीमेंट और न्यूट्रास्यूटिकल उत्पादों में अश्वगंधा का इस्तेमाल होता है। इसे लेकर भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण ने बड़ा फैसला लिया है। एफएसएसएआई ने स्पष्ट किया है कि खाद्य उत्पादों में अश्वगंधा का उपयोग अनुमति प्राप्त नहीं है।
केवल अश्वगंधा की जड़ और अर्क का उपयोग तय नियमों के तहत किया जा सकता है। एडवाइजरी में सभी प्रदेशों के खाद्य सुरक्षा अधिकारियों को निर्देश दिया गया है। कहा है कि वे इस नियम का सख्ती से पालन कराएं। लाइसेंसिंग अथॉरिटी और फूड सेफ्टी ऑफिसर्स को निगरानी बढ़ाने को कहा गया है। यह फैसला उन उत्पादों पर असर डाल सकता है जिनमें अश्वगंधा का उपयोग किया जाता है।
अब कंपनियों को यह स्पष्ट बताना होगा कि उत्पाद में अश्वगंधा का कौन-सा हिस्सा इस्तेमाल किया गया है। रिपोर्ट्स के अनुसार, अश्वगंधा की पत्तियों में कुछ सक्रिय तत्व अधिक मात्रा में पाए जा सकते हैं। इन पर सुरक्षा संबंधी चिंताएं जताई गई हैं। इसी आधार पर केवल जड़ और जड़ के अर्क के उपयोग को मान्यता दी गई है।










