नई दिल्ली। डॉ. रेड्डीज लैबोरेटरीज के लिए बड़ी नकारात्मक खबर सामने आई है। दिग्गज फार्मा कंपनी ने अपनी दवा सेमाग्लूटाइड की सप्लाई रोक दी है। दवा के एक बड़े बैच में अशुद्धि मिलने के कारण कंपनी ने यह कदम उठाया है।

ये है पूरा मामला

सेमाग्लूटाइड के बड़े बैच के परीक्षण में दवा तय मानकों पर खरी नहीं उतरी है। इसका मुख्य कारण पेप्टाइड सिंथेसिस में आई खराबी बताई जा रही है। इससे दवा के फॉर्मूलेशन में अशुद्धि पैदा हो गई। कंपनी फिलहाल इस खराबी के मूल कारण की जांच कर रही है। इसमें कुछ हफ्तों का समय लग सकता है।

सप्लाई और कमाई पर पड़ेगा असर

इस रुकावट के कारण कंपनी ने वित्त वर्ष 2027 के लिए अपने वॉल्यूम गाइडेंस में कटौती की है। पहले कंपनी को 10-12 मिलियन पेन की सप्लाई की उम्मीद थी। इसे अब घटाकर लगभग 8 मिलियन पेन कर दिया है। कंपनी को उम्मीद है कि री-वैलिडेशन और टेस्टिंग की प्रक्रिया सितंबर तक पूरी हो जाएगी। बाजार में सप्लाई नवंबर 2026 से दोबारा शुरू हो सकेगी।

निवेशकों के लिए मुख्य बातें

इन्वेंट्री राइट-डाउन : प्रभावित बैचों के लिए कंपनी को अपनी इन्वेंट्री की वैल्यू घटानी होगी।
वैकल्पिक सप्लायर : कंपनी अब वैकल्पिक सप्लायर की तलाश करेगी। इस प्रक्रिया में लगभग 1 साल का समय लग सकता है।
ओरल टैबलेट सुरक्षित : सेमाग्लूटाइड की ओरल टैबलेट्स पर इसका कोई असर नहीं पड़ेगा। उनमें अलग API का इस्तेमाल होता है।
कोई पेनल्टी नहीं: मैनेजमेंट को मौजूदा सप्लाई समझौतों के तहत किसी जुर्माने की आशंका नहीं है।