इंदौर। गोदाम पर रेड कर अवैध रूप से रखी 10 हजार अबॉर्शन किट जब्त की हैं। यह कार्रवाई औषधि विभाग की टीम ने धारकोठी में एक घर के गोडाउन में की। यहां अवैध रूप से भंडारण की गई दवाएं और गर्भपात किट मिली।
क्वालिटी फार्मा के पते पर निरीक्षण करने पहुंची टीम को मौके पर दुकान संचालित होती नहीं मिली। यहां घर में अवैध रूप से बनाया गया गोडाउन मिला। यहां से करीब 10 हजार गर्भपात किट जब्त की गईं। मौके पर मौजूद लोगों ने गर्भपात की दवाइयों के बिल प्रस्तुत नहीं किए। इससे स्पष्ट हुआ कि घर में गोडाउन बनाकर दवाओं का बिना लाइसेंस भंडारण किया जा रहा था। विभाग ने स्टाक जब्त कर कार्रवाई शुरू कर दी है। यह दवाएं जावेद खान और अजय सवडतकर के नाम से रखी गई थी।
गोदाम का लाइसेंस और विक्रय रिकॉर्ड नहीं मिला। दोनों लंबे समय से बिना डॉक्टर के पर्चे के दवाएं बेच रहे थे। जब्त अवैध गर्भपात किट और सिडेनफिल साइट्रेट दवा की कीमत 52 लाख से अधिक है। विभाग ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।










