मुंबई। तेल की बोतलें जब्त की हैं। गंजे सिर पर बाल उगाने का झूठा दावा भारी पड़ गया। खाद्य एवं औषधि प्रशासन (एफडीए) ने 50.35 लाख रुपये की 5,040 बोतलें जब्त की हैं।
यह है मामला
एफडीए की नासिक टीम ने एक ब्यूटी सैलून और नकली ज्वेलरी की दुकान का निरीक्षण किया। औषधि एवं प्रसाधन सामग्री अधिनियम, 1940 के तहत यह कार्रवाई की गई। मौके से 50.35 लाख रुपये की 5,040 तेल की बोतलें जब्त की। जब्त उत्पाद को वीएस हेयर ग्रोथ आयल के नाम से बेचा जा रहा था। इसका प्रचार इंटरनेट मीडिया प्लेटफार्म पर किया जा रहा था।
विज्ञापनों में दावा किया गया था कि यह तेल गंजे लोगों के सिर पर भी बाल उगा सकता है। तेल की 100 मिलीलीटर की प्रत्येक बोतल पर 999 रुपये एमआरपी अंकित था। हालांकि, पैकेजिंग पर निर्माता का नाम, पता और विनिर्माण लाइसेंस नंबर नहीं दिया गया था। प्रतिष्ठान के मालिक योगेश भगत के पास इस आयुर्वेदिक उत्पाद के निर्माण के लिए लाइसेंस और कानूनी अनुमति नहीं थी।





