सोमवार को हड़ताल पर रहेंगे डॉक्टर !

डॉक्टर
नई दिल्ली। राजधानी में हिंदूराव अस्पताल के डॉक्टर सोमवार से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर रहेंगे। डॉक्टरों का कहना है कि उनकी 3 महीने की रुकी हुई सैलरी 20 मई तक दे दी जाए। सैलरी नहीं मिलने पर वे सोमवार से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाएंगे। इसके बाद भूख हड़ताल भी करेंगे। बता दें कि अस्पताल के 450 रेजिडेंट डॉक्टर पेन डाउन स्ट्राइक पर चल रहे हैं। इनके साथ नर्स और इंटर्न डॉक्टर भी हड़ताल पर हैं। हड़ताल के चलते स्वास्थ्य सेवाएं बुरी तरह से प्रभावित हो गई हैं।
हिंदूराव के रेजिडेंट डॉक्टर्स एसोसिएशन के प्रेजिडेंट डॉक्टर राहुल चौधरी ने बताया कि अस्पताल 980 बेड का है। यह एमसीडी का सबसे बड़ा अस्पताल है। इतने बड़े अस्पताल में मरीजों के बेहतर इलाज के लिए कम से कम हजार डॉक्टर होने चाहिए। लेकिन मुश्किल से 450 डॉक्टर हैं। इंटर्न को मिलाकर यह संख्या 700 हो जाएगी। किसी भी डॉक्टर को 3 महीने से सैलरी नहीं मिली है। उनके लिए गुजारा करना भी मुश्किल हो गया है। अस्पताल में पानी की व्यवस्था भी नहीं है। डॉक्टर भी पानी खरीद कर पीते हैं। इन समस्याओं के बारे में कई साल से बताया जाता रहा है, लेकिन सुनवाई नहीं हो रही। कोई रास्ता नहीं बचा तो आखिर में अब डॉक्टरों ने हड़ताल का रास्ता चुना है। उसके बाद भी सैलरी नहीं दी गई तो भूख हड़ताल की जाएगी। उन्होंने बताया कि सैलरी नहीं मिलने के खिलाफ डॉक्टरों ने हाई कोर्ट में याचिका भी दायर की है।
Advertisement