अवैध रूप से गर्भपात करने पर दो क्लीनिक सील 

आगरा। स्वास्थ्य विभाग और जिला प्रशासन की टीम ने संयुक्त रूप से क्षेत्र में कई क्लीनिकों पर दबिश दी। टीम को नर्सिग कोर्स कर रही एक झोलाछाप के क्लीनिक से गर्भपात किट मिली। क्लीनिक में डिलीवरी टेबल भी थी। इलेक्ट्रो होम्योपैथी डिग्रीधारक के क्लीनिक से बायो मेडिकल वेस्ट भी बरामद हुआ। टीम ने इन दोनों क्लीनिक को सील कर दिया है।
नोडल अधिकारी डॉ. अजय कपूर ने बताया कि निशांत इलेक्ट्रोहोम्योपैथी क्लीनिक, प्रकाश नगर में बीएड वर्मा मिले। इन्होंने इलेक्ट्रोहोम्योपैथी की डिग्री होने की जानकारी दी। मगर, क्लीनिक में काफी मात्रा में बायो मेडिकल वेस्ट भी था। वेस्ट के बारे में सवाल पूछने पर उन्होंने बताया कि मरीज डॉक्टर का पर्चा लेकर आते हैं, उन्हें इंजेक्शन लगा दिया जाता है। टीम ने इस क्लीनिक को सील कर दिया। इसके अलावा टीम ने प्रकाश नगर स्थित मां सरस्वती क्लीनिक पर भी छापा मारा। यहां बबीता सिंह ने बताया कि वे नर्सिग कोर्स कर रही हैं। दो दुकानों में चल रहे क्लीनिक में चार बेड पड़े थे। डिलीवरी टेबल के पास गर्भपात किट रखी हुई थी। बड़ी मात्रा में दवाएं और बायो मेडिकल वेस्ट था। उनके द्वारा गर्भपात कराए जाने की आशंका है, इसकी जांच कराई जा रही है। कार्रवाई के दौरान एक महिला मरीज पहुंची, वह टीम को देखकर लौट गई। क्लीनिक को सील कर दिया है।
 टीम ने न्यू लाइफ हॉस्पिटल, कालिंदी विहार में निरीक्षण किया। हॉस्पिटल में डॉ. ओपी वर्मा और संचालक जितेंद्र सिंह मिले। यहां बेसमेंट में चार मरीज भर्ती थे। वेस्ट का निस्तारण सही तरह से नहीं हो रहा था। बेसमेंट में वार्ड संचालित ना करने और वेस्ट का सही तरह से निस्तारण करने के लिए नोटिस दिया है। इसके बाद श्रीजी हॉस्पिटल, कालिंदी विहार का निरीक्षण किया। यहां डॉ. हिमालय सिंह और डॉ. रश्मि सिंह मिलीं। बेड हेड टिकट बीएचटी अधूरी थी। संचालक एके सिंह को (बीएचटी) पूरी करने का नोटिस दिया है।
Advertisement