गोदाम पर रेड कर 60 लाख की नशीली दवा जब्त 

सतना। पुलिस ने शहर के टिकुरिया टोला स्थित एक गोदाम में रात के समय रेड कर 60 लाख रुपए कीमत की 419 पेटी कफ सिरप बरामद की है। पुलिस ने मामले में एक आरोपी संजय ताम्रकार को हिरासत में लिया है। बताया गया है कि आरोपी संजय ने किराए का गोदाम लेकर ये कफ सिरप छिपाकर रखा था। आरोपी रीवा, शहडोल और उमरिया आदि जिलों में इस कफ सिरप को अवैध रुप से सप्लाई करता था। आरोपी संजय ने गोदाम में करीब 60 लाख की कीमत की 400 पेटी से ज्यादा कोरेक्स कफ सिरप का भंडारण कर रखा था। बता दें कि खांसी की दवा कोरेक्स सिरप सरकार की तरफ से प्रतिबंधित है। पुलिस के अनुसार यह गोदाम  कुशल कंधारी नामक व्यापारी का है, जहां से कोरेक्स बरामद हुई है। हिरासत में लिए गए आरोपी संजय के खिलाफ पहले भी कई मामले दर्ज हैं। वह रीवा जिले में कई बार पुलिस के हाथ लग चुका था। नए मामले में पुलिस ने पूरा माल जब्त कर लिया है और इस धंधे से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।
Advertisement