दवा कंपनी की एमआर से रेप, सफदरजंग अस्पताल का डॉक्टर गिरफ्तार

हॉस्पिटल

नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस ने सफदरजंग अस्पताल के एक डॉक्टर को दुष्कर्म और ब्लैकमेलिंग के आरोप में गिरफ्तार किया है। डॉक्टर पर एक नामी दवा कंपनी की महिला प्रतिनिधि के साथ दुष्कर्म का आरोप है। पुलिस को दी शिकायत में पीडि़ता ने ब्लैकमेलिंग का भी आरोप लगाया है। पुलिस के अनुसार दवा कंपनी की प्रतिनिधि (एमआर) मई माह में आरोपी से अस्पताल में मिली थी। उसके बाद पीडि़ता एक कॉफी हाउस में भी आरोपी से मिली। इसके बाद आरोपी ने कमरे पर बुलाकर पीडि़ता को कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ पिला दिया और उसके साथ दुष्कर्म किया। पीडि़ता ने दुष्कर्म की शिकायत पुलिस में करने को कहा तो आरोपी ने उसे उसकी आपत्तिजनक तस्वीरें दिखाकर धमकाते हुए कहा कि वह ये तस्वीरें पीडि़ता के पति को भेज देगा। इसके बाद कई महीने तक इन्हीं फोटो के बल पर आरोपी पीडि़ता के साथ दुष्कर्म करता रहा। कुछ दिन पहले पीडि़ता ने पूरा मामला अपने एक परिचित को बताया। तब बात दिल्ली पुलिस तक पहुंची। दिल्ली पुलिस ने मामले की जांच में आरोप सही पाए जाने पर आरोपी डॉक्टर को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी डॉक्टर का मोबाइल फोन भी जब्त कर लिया गया है। इस मोबाइल फोन में भी कुछ सबूत मौजूद होने की उम्मीद है। पुलिस फिलहाल मामले की जांच में जुटी है।

Advertisement