केजरीवाल को बधाई देने पर एम्स डॉक्टर को थमाया नोटिस

नई दिल्ली। एम्स के एक डॉक्टर ने दिल्ली चुनाव जीते मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को बधाई संदेश दे दिया। इस पर एम्स प्रशासन ने डॉक्टर को कारण बताओ नोटिस थमा दिया है। डॉक्टर से दो दिन में जवाब मांगा गया है। एम्स प्रशासन की तरफ से रेजिडेंट डॉक्टर्स एसोसिशन के अध्यक्ष को उनके ट्वीट के लिए मेमो भेजा गया। मेमो में डॉक्टर के ट्वीट को ‘राजनीतिक प्रकृति’ का बताया है। मामले के अनुसार आरडीए के अध्यक्ष आदर्श प्रताप सिंह ने दिल्ली विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी की जीत के बाद ट्वीट किया था। बाद में आरडीए ने अपने अध्यक्ष के किए गए इस ट्वीट को रिट्वीट कर दिया। आदर्श प्रताप सिंह ने ट्वीट में लिखा था कि दिल्ली की जनता को यह दिखाने के लिए बधाई कि किस तरह से फासीवादी ताकतों के ऊपर लोकतांत्रिक ताकत भारी पड़ सकती है। इस बड़ी जीत के लिए अरविंद केजरीवाल और आम आदमी पार्टी को बधाई। हालांकि, एसोसिएशन के कुछ सदस्यों के विरोध के बाद सिंह ने उस ट्वीट को उसी दिन डिलीट कर दिया था। इस मामले को गंभीरता से लेते हुए एम्स रजिस्ट्रार ने 21 फरवरी को मेमोरेंडम जारी किया। इसमें आदर्श प्रताप सिंह से 48 घंटे के अंदर स्पष्टीकरण देने को कहा है।

Advertisement