सांसद दुष्यंत और सिंगर कनिका कपूर भी कोरोना पॉजिटिव

लखनऊ। कोरोना वायरस का संक्रमण देश में तेजी से पैर फैला रहा है। अब राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के पुत्र सांसद दुष्यंत सिंह के भी संक्रमित होने का समाचार भी सामने आया है। वहीं, बॉलीवुड की फेमस सिंगर कनिका कपूर भी कोरोना पॉजिटिव मिली हैं। उन्हें लखनऊ में आइसोलेशन में रखा गया है। इससे पहले चंडीगढ़ से कोरोना के तीन और मामले सामने आए हैं। लंदन से लौटी एक युवती कोरोना पॉजिटिव पाई गई। युवती से उसकी मां और नौकर भी हुए संक्रमित। चंडीगढ़ में संक्रमित लोगों की संख्या चार पहुंची।
लखनऊ में कोरोना वायरस के चार और नए मामलों की पुष्टि हुई है। चारों मरीजों को राजधानी के केजीएमयू हॉस्पिटल में भर्ती कराया है। शहर में इस संक्रमण के अभी तक 9 मामले सामने आ चुके हैं। इसी तरह महाराष्ट्र के स्वास्थ्य मंत्री राजेश टोपे ने बताया कि प्रदेश में तीन नए मामलों की पुष्टि हुई है। इससे प्रदेश में आंकड़ा बढक़र 52 पहुंच गया है। इसके अलावा पश्चिम बंगाल में कोरोना वायरस के नए मामले की पुष्टि हुई है। यह व्यक्ति हाल में ब्रिटेन की यात्रा से लौटा था। इसके अलावा हाल में ब्रिटेन से ही लौटी मोहाली की 69 वर्षीय महिला कोरोना वायरस से संक्रमित पाई गई है। साथ ही पंजाब में इस विषाणु से संक्रमित लोगों की संख्या बढक़र तीन हो गई है। कुल मिलाकर देश में कोरोना वायरस की मरीजों की संख्या 200 पार कर चुकी है। वहीं, कोरोना वायरस से देश में पांचवीं मौत हो गई है। राजस्थान में इतालवी नागरिक की मौत हुई है। वह कोरोना से संक्रमित था।

Advertisement