प्लास्टिक और स्टील पर लंबे समय तक जिंदा रहता है कोरोना वायरस : स्टडी

कोरोना वायरस का खौफ पूरी दुनिया में नजर आ रहा है। इस बीच, बेहद संक्रामक बीमारी से जुड़े रोज नए खुलासे हो रहे हैं। एक ताजा अध्ययन में पता चला है कि यह वायरस प्लास्टिक और स्टील पर भी लंबे समय तक जिंदा रह सकता है। यानी बाहर से लाए गए प्लास्टिक से भी संभल कर रहने की जरूरत है। साथ ही घरों में इस्तेमाल होने वाले स्टील के बर्तनों को बहुत अच्छी तरह साफ करने के बाद ही उपयोग में लाना जरूरी है। पढ़िए ताजा खुलासे के बारे में –

यूनिवर्सिटी ऑफ कैलिफोर्निया लॉस एंजिलिस के अध्ययन के अनुसार, यह वायरस कॉपर पर चार घंटे जीवित रह सकता है। वहीं कार्ड बोर्ड पर 24 घंटे तो प्लास्टिक और स्टील के बर्तनों में 2 से 3 दिन तक इस वायरस की जिंदगी हो सकती है। इस अध्ययन के लेखक जेम्स स्मिथ के अनुसार, यदि संक्रमित व्यक्ति के छूने के बाद आप इन बर्तनों को छू रहे हैं तो कोविड-19 बीमारी होने का खतरा कई गुना बढ़ जाता है।

इसलिए सबसे सुरक्षित है तांबा

www.myupchar.com से जुड़े डॉ. लक्ष्मीदत्ता शुक्ला के अनुसार, तांबा यानी कॉपर को ओलिगोडीनामिक के रूप में जाना जाता है। यह बैक्टीरिया का नाश करता है। तांबा इकलौती धातु है जो खुद से सम्पर्क में आने पर किसी भी तरह के बैक्टीरिया को अपने-आप मार देता है।

वहीं भारतीय धर्म ग्रंथों में शुरू से तांबे के बर्तनों का उपयोग लाभदायक बताया गया है। इसकी सतह पानी या हवा से सम्पर्क में आने पर रासायनिक क्रिया करती है। यही कारण है कि इस पर किसी भी तरह से जीवाणु या विषाणु पैदा नहीं होते हैं, जबकि यह खतरा अन्य धातुओं के बर्तनों पर रहता है।

2015 में हुए एक अन्य अध्ययन में बताया गया था कि तांबा रेस्पिरेटरी वायरस से बचा सकता है। रेस्पिरेटरी वायरस यानी ऐसा वायरस जो फेफड़ों पर अटैक करता है। कोरोना ऐसा ही वायरस है। तांबा अकेली धातु है तो जीव-जंतुओं से इन्सानों में आने वाले कोरोना वायरस को भी मार सकता है।

बरतें ये सावधानियां, तो कोरोना वायरस रहेगा दूर

ताजा खुलासे के बाद यह जरूरी हो गया है कि इन्सानी शरीर के साथ ही अब रोजमर्रा के कामों में आने वाले बर्तनों की सफाई भी रखी जाए। बर्तनों को साबुन से अच्छी तरह धोएं, सुखाएं, साफ कपड़े से पोछें, इसके बाद इस्तेमाल करें।

आजकल प्लास्टिक की चीजों का इस्तेमाल भी बढ़ गया है। बाहर से किसी भी प्लास्टिक की चीज को घर में न लाएं। किचन में जो चीजें पहले से हैं, उनकी साफ-सफाई का पूरा ख्याल रखें। यदि प्लास्टिक की पुरानी थैलियों में खाने-पीने की चीजें रखी हुई हैं तो उन्हें तत्काल बाहर फेंक दें।

यदि किसी को सर्दी-जुकाम हो रहा है तो उसे खाना न पकाने दें। इसी तरह यदि खाना बनाने के लिए नौकरानी आती है तो उसे भी इन सावधानियों के बारे में बताएं।

जहां तक संभव हो, स्टील के बर्तनों का उपयोग करने से बचें। यदि मिश्रित धातु से बने बर्तनों का उपयोग करेंगे तो बचकर रहेंगे।

Advertisement