हरियाणा के इस अस्पताल में शर्मनाक हरकत, पिता का इलाज करवाने आई किशोरी से कर्मी ने किया दुष्कर्म

हरियाणा के एक अस्पताल में किशोरी के साथ फिर से शर्मनाक मामला सामने आया है। पिता का इलाज करवाने गई 14 साल की बच्ची के साथ अस्पताल के कर्मी ने दिनदहाड़े दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया है।

फरीदाबाद। हरियाणा के एक अस्पताल में किशोरी के साथ फिर से शर्मनाक मामला सामने आया है। पिता का इलाज करवाने गई 14 साल की बच्ची के साथ अस्पताल के कर्मी ने दिनदहाड़े दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया है। इस घटना के बाद अस्पताल प्रबंधन कठघरे में है। पहले रोहतक के निजी अस्पताल में भी  एक नाबालिग किशोरी के साथ छेड़छाड़ की वारदात हो चुकी है जिसके बाद काफी हंगामा हुआ था। अब दुष्कर्म का ये मामला फरीदाबाद से सामने आया है।

सेक्टर-16 स्थित शहर के दूसरे सबसे बड़े क्यूआरजी अस्पताल में दिनदहाड़े सातवीं कक्षा में पढ़ने वाली लड़की के साथ हाउसकीपिंग कर्मचारी ने दुष्कर्म किया। वह करीब आधे घंटे तक लड़की के साथ घिनौना काम करता रहा लेकिन अस्पताल प्रबंधन को इसकी भनक तक नहीं लगी। हैरानी की बात यह है कि पूरे अस्पताल में सैकड़ों सीसीटीवी कैमरे लगे हैं, लेकिन इसके बावजूद कोई अधिकारी अथवा कर्मचारी इस वारदात को रोक नहीं पाया।

लड़की अस्पताल में अपने पिता का डायलिसिस कराने आई थी। इस नामी गिरामी अस्पताल में जिस तरह से लड़की के साथ दुष्कर्म किया गया उससे अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। इस पूरी घटना में जितना दोषी आरोपी है उतना ही अस्पताल प्रबंधन भी है। क्योंकि तमाम सुरक्षा गार्ड औैर सीसीटीवी कैमरे लगे होने के बाद भी अस्पताल के अंदर लड़की के साथ दुष्कर्म हो गया और किसी को पता तक नहीं चला। आरोपी हाउसकीपिंग सुपरवाइजर की पहचान हनुमान नगर भारत कॉलोनी निवासी राजकिशोर पुत्र डालचंद के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है।

14 वर्षीय किशोरी शनिवार सुबह करीब 11 बजे अपने पिता का डायलिसिस कराने सेक्टर-16 स्थित क्यूआरजी हॉस्पिटल गई थी। डायलिसिस शुरू होने के करीब 2 घंटे बाद लड़की थर्ड फ्लोर पर बने वॉशरूम गई थी। जब वह वॉशरूम से बाहर निकली तो वहां हाउसकीपिंग सुपरवाइजर राजकिशोर खड़ा था। उसने लड़की से कहा कि तुम मेरे साथ आओ कुछ काम है। लड़की का हाथ पकड़कर आरोपी वेटिंग रूम के साथ सीढ़ियों से होते हुए अस्पताल के बेसेंट में ले गया। वहां सीढ़ियों के नीचे ले जाकर बलात्कार किया। करीब आधे घंटे बाद जान से मारने की धमकी देकर आरोपी फरार हो गया।

पीड़ित लड़की किसी तरह ऊपर फ्लोर पर पहुंची और एक महिला कर्मचारी को पूरी घटना बताई। उस महिला ने डायलिसिस महिला स्टाफ को बताया। पीड़ित लड़की का कहना है कि अस्पताल की महिला कर्मियों में एक का नाम मोनिका है। इस महिला नर्स ने छात्रा से कहा कि घबराओ मत सब ठीक हो जाएगा। हम सब संभाल लेंगे। पीड़िता ने जब इस घटना के बारे में अपने पिता को बताने की काेशिश की तो नर्स ने बीमारी का बहाना बनाकर पिता से भी बताने से इंकार कर दिया और कहा कि आरोपी को नौकरी से निकलवा दिया जाएगा।

पिता का डायलिसिस कराने के बाद लड़की जब घर पहुंची तो वह बहुत घबराई हुई थी। उसकी भाभी ने जब घबराहट का कारण पूछा तो उसने पूरी घटना बताई। भाभी ने इस बारे में परिजनों को जानकारी दी। परिजन लड़की को लेकर सेक्टर-16 महिला थाने पहुंचे और आरोपी के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की। पुलिस ने छात्रा का मेडिकल कराया और देर शाम आरोपी राजकिशोर के खिलाफ केस दर्ज कर लिया। पुलिस ने देर रात अस्पताल कर्मियों से पूछताछ और सीसीटीवी फुटेज की जांच पड़ताल कर आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया।

क्यूआरजी मेडिकेयर लिमिटेड के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. महिंदर सिंह तंवर का कहना है कि अस्पताल परिसर में हई यह घटना दुर्भाग्यपूर्ण और अनुचति है। उन्होंने कहा आरोपी कर्मचारी शाइन एंड स्टैंडर्ड का है। वह क्यूआरजी अस्पताल का कर्मचारी नहीं है। उनका कहना है कि अस्पताल प्रबंधन पीड़िता के साथ है। उसे न्याय दिलाने में पुलिस प्रशासन का पूरा सहयोग करेगा।

Advertisement