RIMS में ट्रॉलीमैन, सुरक्षा गार्डो की हड़ताल, मरीज बेहाल, 3 की मौत

बवाल
concept image

झारखंड के सबसे बड़े हॉस्पिटल रिम्स (RIMS) में सिक्योरिटी गार्डो और ट्रॉलीमैन की हड़ताल के कारण चिकित्सा व्यवस्था पटरी से उतर गई है। इस हॉस्पिटल में हर रोज ढाई से तीन हजार मरीज इलाज के लिए पहुंचते हैं।

गंभीर मरीजों को ट्रॉली, स्ट्रेचर पर वार्ड, डॉक्टर्स और आवश्यक टेस्ट के लिए अलग-अलग डिपार्टमेंट में पहुंचाने की जिम्मेदारी ट्रॉली मैन पर होती है। बुधवार से चल रही इनकी हड़ताल से मरीजों की जान पर बन आई है।

पिछले 24 घंटों के अंदर समय पर इलाज नहीं मिलने के कारण तीन गंभीर मरीजों ने एंबुलेंस में दम तोड़ दिया। इन मरीजों को सही वक्त पर वार्ड या डॉक्टर के पास पहुंचा दिया जाता तो उनकी जान बच सकती थी।

रिम्स में सिक्योरिटी गार्डो और ट्रॉलीमैन की संख्या 378 है। इन्हें पिछले चार-पांच महीनों से वेतन का भुगतान नहीं हुआ है। इस बीच इन्हें हॉस्पिटल से हटाए जाने की सूचना दी गई है। इससे नाराज होकर इन्होंने बुधवार से हड़ताल शुरू कर दी है
इस बीच गुरुवार को हड़ताली सिक्योरिटी गार्डो के प्रतिनिधिमंडल ने स्वास्थ्य मंत्री सह रिम्स गवर्निग बॉडी के प्रेसिडेंट बन्ना गुप्ता से मुलाकात की। स्वास्थ्य मंत्री ने उनकी बात सुनने के बाद 10 जनवरी तक मामले के समाधान का आश्वासन दिया है।

Advertisement