हरियाणा में भी शुरू होगी इजरायल की एंबुसाइकल्स सेवा 

चंडीगढ़। हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल को इजरायल की एंबुसाइकल्स सेवा भा गई है। अपने इजरायली दौरे के दौरान उन्होंने इसमें काफी रुचि दिखाकर इसे हरियाणा में शुरू करने का संकेत दिया। बता दें कि एंबुसाइकल्स प्राथमिक चिकित्सा सेवाओं से युक्त दोपहिया वाहन है, जो मरीजों को भीड़ वाले और तंग इलाकों में दुर्घटना पर प्राथमिक चिकित्सा उपलब्ध कराता है।
मुख्यमंत्री मनोहर लाल और उनके साथ गए राज्य मंत्री कृष्ण कुमार बेदी और अंबाला शहर के विधायक असीम गोयल समेत कई अधिकारियों व उद्योगपतियों ने येरूशलम में वहां के अधिकारियों के साथ मुलाकात की। एंबुसाइकल्स सेवा में मुख्यमंत्री के रुचि दिखाने पर इजरायल का यूनाइटेड हट्ज्लाह ग्रुप इस क्षेत्र में समझौते की संभावनाओं का पता लगाने के लिए हरियाणा आने पर सहमत हो गया है। गौरतलब है कि एंबुसाइकल्स में सभी आवश्यक चिकित्सा उपकरण रखने के लिए डिजाइन किया गया फस्र्ट-एड बॉक्स लगा होता है। इस सेवा का उपयोग समस्त इजरायल में यूनाइटेड हट्ज्लाह ग्रुप के स्वयंसेवकों द्वारा किया जाता है। यह ग्रुप इजरायल का सबसे बड़ा स्वतंत्र, गैर-लाभकारी, स्वैच्छिक आपातकालीन चिकित्सा सेवा संगठन है। यह पूरे इजरायल में सबसे तेज एवं निशुल्क आपातकालीन चिकित्सा सेवा प्रदान करता है। इजरायल में इसके चार हजार से अधिक स्वयं सेवक हैं, जो 24 घंटे अपनी सेवाएं प्रदान करते हैैं। अनूठी जीपीएस तकनीक और प्रतिष्ठित एंबुलेंस की मदद से औसत तीन मिनट में और मेट्रोपालिटन क्षेत्रों में डेढ़ मिनट में एंबुसाइकल्स पहुंच जाती है।
Advertisement