राजनांदगांव में फिर मोतियाबिंद कांड 

रायपुर (छग)। राजनांदगांव में एक बार फिर मोतियाबिंद कांड सामने आया है। मेडिकल कॉलेज के अस्पताल में मोतियाबिंद ऑपरेशन के बाद छह मरीजों की आंखों में संक्रमण फैल गया है। ऑपरेशन के अगले दिन पट्टी खोलते ही मरीजों में इंफेक्शन नजर आ गया। मरीजों की आंखें सूजकर लाल होने लगी थीं। उन्हें आंखों से कम दिखाई देने लगा। डॉक्टरों ने एक दिन मैनेज करने की कोशिश की, जब रोशनी जाने का खतरा बढ़ गया, तब आनन-फानन में रायपुर रैफर का दिया। अंबेडकर अस्पताल के विशेषज्ञों ने दो मरीजों की उसी दिन दोबारा सर्जरी की। बाकी मरीजों का स्थिति के अनुसार ऑपरेशन किया गया। विशेषज्ञों के अनुसार एक दिन भी यहां पहुंचने में देरी होने पर पूरी आंख निकालने की नौबत आ सकती थी। अंबेडकर अस्पताल में सर्जरी के बाद मरीजों की आंखों में सुधार है। 5 दिन यहां भर्ती रखने के बाद उन्हें घर भेज दिया गया।
Advertisement