मुजफ्फरपुर। कॉस्मेटिक दुकानों पर रेड का मामला सामने आया है। टीम ने कई दुकानों से नकली हेयर रिमूवल क्रीम की खेप जब्त की है। मुख्य बाजार में पुलिस और कोलकाता से आई विशेष जांच टीम ने संयुक्त कार्रवाई की। इस दौरान नकली सौंदर्य प्रसाधनों के बड़े खेल का खुलासा किया। नामी ब्रांड के नाम पर बेची जा रही हेयर रिमूवल क्रीम की बड़ी खेप बरामद की गई।
सात दुकानों से नकली सामान बरामद
जांच टीम ने बाजार की सात अलग-अलग दुकानों पर छापेमारी की। बड़ी मात्रा में कथित रूप से नकली क्रीम जब्त की। इनमें आयुष जायसवाल श्रृंगार स्टोर्स से 48 पीस, श्वेता लेडीज कॉर्नर से 83 पीस जब्त किए। वहीं शिवानी श्रृंगार स्टोर्स से 26 पीस, सहेली लेडीज कॉर्नर से 25 पीस मिले। शिवम बैग हाउस से 12 पीस, मेघा लेडीज कॉर्नर से 15 पीस लएि हैं। इनके अलावा शबनम श्रृंगार एंड जनरल स्टोर्स से 28 पीस क्रीम पकड़ी है।
जांच में सामने आया कि प्रतिष्ठित कंपनी के उत्पाद के नाम पर नकली क्रीम बेची जा रही थी। इसकी जानकारी अल्फा इंटेलिजेंस सर्विस प्राइवेट लिमिटेड के जांच अधिकारी को मिली थी। इसके बाद सत्यापन कर पुलिस के साथ संयुक्त कार्रवाई की गई।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने सात दुकानदारों को हिरासत में लिया है। इनमें संतोष कुमार जायसवाल, पवन कुमार साह, रमेशर भगत, राजेश कुमार, अर्जुन कुमार, सरोज कुमार और धीरज कुमार शामिल हैं। सभी के खिलाफ मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है।










