पंचकूला (हरियाणा)। अल्ट्रासाउंड मशीनें छह जिलों के सरकारी अस्पतालों में पहुंच गई हैं। पंचकूला, नारनौल, पानीपत, रेवाड़ी, सोनीपत और गुरुग्राम के सरकारी अस्पतालों में ये अल्ट्रासाउंड मशीनें भेजी गई हैं। इनके इंस्टालेशन का कार्य पूरा होने के बाद जल्द ही मरीजों की जांच शुरू कर दी जाएगी। इसके बाद उन्हें अल्ट्रासाउंड के लिए निजी प्रयोगशालाओं में नहीं जाना पड़ेगा।
स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने बताया कि राज्य सरकार जनता को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने के लिए लगातार प्रयासरत है। सुनिश्चित किया जा रहा है कि किसी भी सरकारी अस्पताल या स्वास्थ्य संस्थान में चिकित्सा उपकरणों और मशीनों की कोई कमी न रहे। आवश्यकता के अनुसार नए उपकरणों और आधुनिक मशीनों की खरीद कर उन्हें संस्थानों में भेजा जा रहा है।










