नई दिल्ली। नकली ब्यूटी प्रोडक्ट बनाने वाली दो फैक्टरियां पकड़ी गई हैं। औषधि नियंत्रण विभाग ने दो बिना लाइसेंस वाली सौंदर्य प्रसाधन निर्माण इकाइयों पर रेड की। उत्पादों, मशीनरी, कच्चे माल और पैकेजिंग सामग्री को जब्त किया है। आरोप है कि ये इकाइयां वैध लाइसेंस के बिना त्वचा और व्यक्तिगत देखभाल उत्पादों का निर्माण और पैकेजिंग कर रही थीं। उत्पादों के नमूने जांच के लिए एकत्र कर लिए गए हैं।
यह है मामला
औषधि विभाग ने कहा कि खुफिया सूचनाओं के बाद उत्तरी दिल्ली के पूथ खुर्द क्षेत्र में छापेमारी की गई। दोनों प्रतिष्ठानों को नकली ब्यूटी प्रोडक्ट का निर्माण करते पाया गया। यह औषधि एवं सौंदर्य प्रसाधन अधिनियम, 1940 और सौंदर्य प्रसाधन नियम, 2020 का उल्लंघन है। उत्पादों के सैंपल परीक्षण और विश्लेषण के लिए एकत्र किए गए। शेष स्टॉक के साथ-साथ मशीनरी, उपकरण, कच्चा माल और पैकेजिंग सामग्री जब्त कर ली है।
सरकारी लैब में होगी सैंपल की जांच
छापेमारी के दौरान एकत्र किए सैंपल को जांच के लिए दिल्ली के सरकारी विश्लेषक के पास भेजा जा रहा है। उत्पादों की गुणवत्ता और सुरक्षा से जुड़े पहलुओं का आकलन किया जाएगा। दोनों इकाइयों के संचालन, निर्माण गतिविधियों की भी जांच की जा रही है। स्वास्थ्य मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह ने कहा कि जन-स्वास्थ्य और उपभोक्ताओं की सुरक्षा के साथ कोई समझौता नहीं किया जाएगा। कॉस्मेटिक उत्पादों के अवैध निर्माण में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।





