रोहतक\पंचकूला (हरियाणा)। हरियाणा में सरकारी डॉक्टर आज हड़ताल पर चले गए हैं। इससे मरीजों को इलाज में असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। सिविल मेडिकल सर्विसेज एसोसिएशन की गठित एक्शन कमेटी ने 8 और 9 दिसंबर को सभी प्रमुख सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों में हड़ताल का एलान किया है। हड़ताल सोमवार को शुरू हो गई। इस दौरान सिविल अस्पताल, अर्बन हेल्थ सेंटर सेक्टर-16 और सेक्टर-26, पीएचसी और सीएचसी सहित अन्य केंद्रों में डॉक्टर हड़ताल पर रहेंगे। इससे मरीजों की जांच और इलाज में देरी होगी।
एसोसिएशन के राज्य प्रधान डॉ. राजेश ख्यालिया ने बताया कि सरकार द्वारा डायरेक्ट एसएमओ भर्ती की प्रक्रिया शुरू की गई है। इसे वे गलत तरीके से कर रहे हैं। इसका विरोध करते हुए जिले में तैनात 206 डॉक्टर हड़ताल में भाग लेंगे।
ये ओपीडी प्रभावित
डॉक्टर सुबह से ही सिविल अस्पताल की यूरोलॉजी, हड्डी, आंख, ईएनटी, गायनी, सर्जरी, स्किन, कैंसर, मनोरोग और बच्चों की ओपीडी में नहीं बैठे।
पंचकूला के सीएमओ डॉ. मुक्ता कुमार ने बताया कि हड़ताल के दौरान आयुर्वेदिक और एनएचएम डॉक्टरों के माध्यम से ओपीडी सेवा जारी रहेगी। इसके अलावा, कंसलटेंट डॉक्टरों की ड्यूटी लगाई गई है। मरीजों को समस्या नहीं होने देंगे। अस्पताल प्रशासन ने जनता से सहयोग की अपील की है।










