नई दिल्ली। प्रतिबंधित दवा की सप्लाई करने वाले दो मेडिकल स्टोर मालिक अरेस्ट किए हैं। आरोपितों के पास से 3,360 ट्रामाडोल कैप्सूल और 84 बोतल कोडीन कफ सिरप बरामद किए हैं। यह कार्रवाई क्राइम ब्रांच की टीम ने की। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान विनय मल्होत्रा और चंदन बंसल के रूप में हुई है। आरोपित गोदाम में प्रतिबंधिक दवाओं का स्टाक कर उसे पश्चिमी और बाहरी जिला में सप्लाई कर रहे थे। पुलिस आरोपितों से पूछताछ कर पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
यह है मामला
उपायुक्त संजीव कुमार यादव के मुताबिक, टीम को लगातार सूचना मिल रही थी। पश्चिम दिल्ली के कुछ मेडिकल स्टोर मालिक का प्रतिबंधित दवाओं को स्टोर करने का पता चला। पुलिस ने ड्रग कंट्रोलर के साथ मिलकर शिवम एंक्लेव, पश्चिम विहार में छापेमारी की। टीम ने मेडिकल स्टोर मालिक विनय मल्होत्रा को गिरफ्तार कर लिया।
तलाशी में इसके स्टोर से 3,360 ट्रामाडोल कैप्सूल और 84 बोतल कोडीन कफ सिरप बरामद हुआ। आरोपित ने अवैध रूप से इन दवाओं को अपने मेडिकल स्टोर में रखा हुआ था। आरोपित इन दवाइयों के बिल नहीं दे पाया। छानबीन के बाद विनय मल्होत्रा को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी से पूछताछ की गई।
विनय मल्होत्रा ने बताया कि दवाएं उसने रघुबीर नगर के एक दवा कारोबारी चंदन बंसल से ली थीं। बाद में आरोपित को पूछताछ के लिए नोटिस दिया गया। आरोपी जांच में शामिल होने आया तो उसे पूछताछ के बाद गिरफ्तार कर लिया। आरोपित दिल्ली में अवैध रूप से प्रतिबंधित दवाओं को सप्लाई कर रहा था। पुलिस इनसे पूछताछ कर मामले की छानबीन कर रही है।










