जबलपुर (मप्र)। प्रतिबंधित नशीली कफ सिरप की 4800 बोतलें बरामद की गई हैं। माढ़ोताल पुलिस एवं क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम ने 40 पेटी प्रतिबंधित कफ सिरप जब्त की है। जब्त माल की कीमत 8 लाख 64 हजार रुपये आंकी गई है। मामले में एनडीपीएस एक्ट सहित अन्य धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है।
यह है मामला
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी। पता चला कि बीएल ट्रांसपोर्ट कटंगी रोड टाटा शोरूम के पास अवैध नशीली कफ सिरप का भंडारण किया गया है। सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में गठित कर घेराबंदी की गई। दबिश के दौरान 40 कार्टून जब्त किए गए। इनमें प्रत्येक में 120 बोतलें थीं। बरामद सिरप 100 एमएल की शीशियों में पाई गई। कुल 4800 बोतल जब्त की गईं। मध्यप्रदेश ड्रग कंट्रोल अधिनियम 1949 के तहत मामला दर्ज किया गया है।










