भोपाल। निजी अस्पताल में मरीज की मौत पर परिजनों ने बवाल कर दिया। मौके पर आई पुलिस टीम पर पथराव का भी समाचार है।

पटेल नगर स्थित लक्ष्मी मल्टी स्पेशलिस्ट हॉस्पिटल में एक मरीज की मौत हो गई। आक्रोशित परिजनों ने अस्पताल के बाहर जमकर हंगामा किया। परिजनों ने अस्पताल प्रशासन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया। वे शव लेकर सडक़ पर धरना देने लगे। परिजनों के हंगामे की सूचना पर पुलिस पहुंची। इस दौरान पुलिस पर भी हमला किया गया। पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट और पत्थरबाजी हुई। इसमें कुछ पुलिसवालों को मामूली चोटें आईं।

घटना की जानकारी मिलते ही तीन थानों का भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिस ने स्थिति को संभालने के लिए कड़ी मशक्कत की। परिजनों ने डॉक्टर से मृत्यु का कारण पूछने के लिए अस्पताल के अंदर जाने की कोशिश की। लेकिन मैनेजर ने बताया कि डॉक्टर साहब अस्पताल में नहीं हैं। गंभीर लापरवाही के आरोपों के बीच डॉक्टर का नदारद होना उनके गुस्से को और भडक़ा गया। इससे हंगामा बड़ा हो गया।

दूसरी तरफ पुलिस ने हंगामा करने वाले कुछ लोगों को तुरंत गिरफ्तार कर लिया। भारी भीड़ को तितर-बितर करने के लिए पुलिस को हल्का बल प्रयोग करना पड़ा। कुछ घंटों के बाद पुलिस बल ने मृतक का शव पोस्टमार्टम के लिए रवाना किया।