गाजियाबाद। कफ सिरप तस्करी के अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश हुआ है। पुलिस कुल 8 आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। अब इन आरोपियों द्वारा तस्करी से अर्जित की गई 12 करोड़ 55 लाख की संपत्ति जब्त कर ली है। क्राइम ब्रांच, स्वॉट टीम और नंदग्राम पुलिस ने संयुक्त रूप से यह कार्रवाई की।

यह है मामला

पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि ट्रकों के माध्यम से कोडीन युक्त कफ सिरप की तस्करी की जा रही है। इसके बाद पुलिस ने चार ट्रकों को रोका। इनमें चूने के बोरों के बीच छिपाकर रखी कफ सिरप की 1150 पेटियां मिलीं। इन पेटियों में 15 लाख 73 हजार से अधिक शीशियां बरामद हुईं। इनकी अनुमानित कीमत 3 करोड़ 40 लाख रुपये है। मौके से एक कार, 20 लाख रुपये, दो लैपटॉप, दस मोबाइल फोन भी बरामद किए गए।

जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी फर्जी कंपनियों के नाम पर कफ सिरप जमा करते थे। फिर उन्हें विभिन्न राज्यों में तस्करी करते थे। आरोपियों ने पिछले कुछ वर्षों में करोड़ों रुपये की जमीन और अन्य संपत्तियां खरीदी थीं। उनकी घोषित आय इन संपत्तियों के मुकाबले काफी कम थी। पता चला कि लगभग 13 करोड़ रुपये की संपत्ति सिरप की तस्करी से अर्जित धन से खरीदी गई थी। डीसीपी सिटी धवल जायसवाल ने बताया कि खरीदी गई कुल 12 करोड़ 55 लाख रुपये की संपत्ति को फ्रीज कर दिया है।