शिमला (हिमाचल प्रदेश)। नशीली दवा की बस से तस्करी का मामला पकड़ा गया है। आरोपी युवक को गिरफ्तार किया गया है। शिमला में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। शिमला पुलिस ने शोघी में राष्ट्रीय राजमार्ग-05 पर नाकाबंदी की। इस दौरान एक बस में सवार व्यक्ति से नशीली दवाओं की खेप बरामद की है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से कुल 1140 कैप्सूल और टैबलेट बरामद किए हैं। युवक को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ मामला दर्ज किया है।
यह है मामला
पुलिस की टीम ने शोघी में नेशनल हाईवे पर नाकाबंदी कर वाहनों की जांच की। इसी दौरान एक बस को चेकिंग के लिए रोका गया। जांच के दौरान पुलिस को एक व्यक्ति की गतिविधियों पर संदेह हुआ। युवक के पीठू बैग की तलाशी ली गई। उसमें से 960 कैप्सूल ट्रामाडोल HCL 50 mg और 180 टैबलेट अल्प्राजोलम 0.5 mg बरामद हुईं। आरोपी की पहचान प्रवीण कुमार (41) निवासी शिमला के रूप में की है।
बरामद दवाइयों को कब्जे में लेकर मामला दर्ज किया है। पुलिस अब इस मामले की गहनता से जांच कर रही है। यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि आरोपी के पास इतनी बड़ी मात्रा में दवाइयां कहां से आईं। वह अब इन्हें कहां पहुंचानेजा रहा था। इन दवाइयों की खरीद-फरोख्त में संभावित नेटवर्क के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है। शिमला पुलिस का कहना है कि नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।





