मुजफ्फरपुर (उप्र)। होम्योपैथिक क्लिनिक की आड़ में स्प्रिट की तस्करी का मामला पकड़ में आया है। हॉस्पिटल में छापेमारी कर डॉक्टर को हिरासत में लिया गया है। वहीं मौके से 10 बोतल जब्त कर ली हैं।
यह है मामला
मोतिहारी में जहरीली शराब पीने से मौत के बाद से मुजफ्फरपुर पुलिस अलर्ट मोड पर है। देसी शराब के खिलाफ छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अवैध स्प्रिट की तस्करी का खुलासा हुआ है। उत्पाद विभाग ने बीबीगंज स्थित एक होम्योपैथिक क्लिनिक में छापेमारी की। दवाओं की आड़ में चल रहे अवैध धंधे का पर्दाफाश किया है।
गुप्त सूचना मिली थी कि उक्त क्लिनिक में होम्योपैथिक दवाओं के नाम पर अवैध स्प्रिट की बिक्री की जा रही है। टीम का गठन कर क्लिनिक में छापेमारी की गई। इस दौरान टीम ने क्लिनिक के बाथरूम से 450 एमएल की ‘इंफ्लेमेंट’ नामक बोतलें बरामद कीं। इन पर स्टीकर लगा हुआ था। बोतलों की जांच में से तेज स्प्रिट जैसी गंध आने लगी। इससे संदेह और गहरा गया। मौके से इंफ्लेमेंट की 10 बोतलें, बेलाडोना की 1 बोतल और अल्फा अल्फा की 3 बोतलें जब्त की गईं। क्लिनिक संचालक डॉ. अजय राय से पूछताछ की गई। वह संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। इसके बाद उन्हें पुलिस अभिरक्षा में ले लिया गया है।










