मुंबई (महाराष्ट्र)। एफडीए ने 42,398 मूल्य के संदिग्ध घटिया हेल्थ सप्लीमेंट जब्त किए हैं। खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने सतारा में एक प्रतिष्ठान का निरीक्षण करने के बाद यह भंडार जब्त किया है।
एफडीए ने कहा कि उसने सतारा के कराड स्थित मेसर्स प्रोटीन मार्ट का निरीक्षण किया। वहां से न्यूट्रास्यूटिकल टेस्टो जीएच कैप्सूल के 16 जार जब्त किए। इनकी कीमत 22,400 रुपये है। वहीं फाल्कन फार्मा व्हे प्रोटीन पाउडर के दो जार बरामद किए। इनकी कीमत 19,998 रुपये है। कुल मूल्य 42,398 रुपये और वजन 6.092 किलोग्राम मिला।
यह पाया गया कि निर्माता के लाइसेंस में टेस्टो जीएच कैप्सूल के लिए अनुमोदन शामिल नहीं था। फाल्कन फार्मा व्हे प्रोटीन पाउडर एक आयातित उत्पाद है। आपूर्तिकर्ता के पास वैध आयातक लाइसेंस नहीं था। इसके अलावा, उत्पाद ऑर्गेनिक ब्राउन राइस केक पर आवश्यक जैविक प्रमाणन अनुमोदन और लोगो नहीं था। इन उत्पादों के घटिया होने का संदेह है। यह कार्रवाई जिम में स्वास्थ्य पूरकों की अनधिकृत बिक्री के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी देने के बाद हुई है।





