मुजफ्फरनगर। नशीली दवा की तस्करी करने वाले गिरोह का खुलासा हुआ है। पुलिस ने छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों से करीब 40 लाख के 4.72 हजार 800 प्रतिबंधित नशीले कैप्सूल बरामद किए हैं। गिरोह का मुख्य सप्लायर अभी फरार बताया जा रहा है। खालापार पुलिस ने मीनाक्षी चौक पर चेकिंग के दौरान स्कूटी सवार दो युवकों को रोका था। तलाशी में एक कार्टन में प्रतिबंधित नशीले कैप्सूल मिले। आरोपियों की पहचान मोहित पाल और सुमित के रूप में हुई है।
मकान से मिला भारी मात्रा में स्टॉक
आरोपियों ने बताया कि उनके अन्य साथी के गांधीनगर स्थित मकान में नशीली दवाइयों का स्टॉक हैं। वे वहीं से दवा सप्लाई करते हैं। इसके बाद पुलिस ने छापेमारी कर गिरोह के चार अन्य सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया। मौके से 22 कार्टून में 4 लाख 72 हजार 800 प्रतिबंधित कैप्सूल बरामद किए गए। आरोपियों में एक बी-फार्मा का छात्र, चार मेडिकल स्टोर संचालक और एक परचून की दुकान चलाने वाला युवक शामिल है। आरोपी लंबे समय से इस अवैध कारोबार में लिप्त थे।
वे खतौली के आरएस मेडिकोज के मालिक अश्वनी शर्मा से प्रतिबंधित कैप्सूल खरीदते थे। उन्हें ब्लैक में ऊंचे दामों पर अलग-अलग स्थानों पर सप्लाई करते थे। इन कैप्सूलों का इस्तेमाल नशे के रूप में किया जाता है। इससे बाजार में इनकी मांग अधिक रहती है। फिलहाल पुलिस फरार सप्लायर की तलाश कर रही है। पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर उनका चालान कर दिया है।
ये आरोपी किए गिरफ्तार
1 . अनंत, निवासी गांधीनगर, नई मंडी कोतवाली, मुजफ्फरनगर
2. मोहित पाल व सुमित, निवासी जनकपुरी, थाना सिविल लाइन
3. अंकित, निवासी भोकरहेड़ी, थाना भोपा
4. सलीम, निवासी गढ़ी रसूलपुर, थाना मीरापुर
5. लवीश, निवासी गढ़ी रसूलपुर, थाना मीरापुर










