अल्मोड़ा (उत्तराखंड)। तीन मेडिकल स्टोरों में नियमों का उल्लंघन मिला है। औषधि प्रशासन विभाग ने मेडिकल स्टोरों का औचक निरीक्षण किया। यह कार्रवाई औषधि निरीक्षक पूजा जोशी के नेतृत्व में की गई।

इस दौरान मेडिकल स्टोरों के ड्रग लाइसेंस, दवाओं के स्टॉक और खरीद-बिक्री से संबंधित अभिलेखों की जांच की गई। विभाग ने तय किया कि दवाओं की बिक्री पंजीकृत फार्मासिस्ट की उपस्थिति में हो रही है या नहीं। वहीं पंजीकृत चिकित्सक के वैध पर्चे के आधार पर ही दवा बिक्री हो रही है या नहीं। प्रतिष्ठानों में लगे सीसीटीवी कैमरों और उनकी रिकॉर्डिंग संचालन व्यवस्था का भी निरीक्षण किया।

जांच में तीन मेडिकल स्टोरों में नियमों का उल्लंघन पाया गया। इसके बाद संबंधित संचालकों को सात दिन के भीतर स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। औषधि निरीक्षक पूजा जोशी ने बताया कि मेडिकल स्टोरों का जांच अभियान आगे भी जारी रहेगा। इसका उद्देश्य दवाओं की बिक्री में नियमों का पालन सुनिश्चित करना है।