मधेपुरा। नशीली दवा कोडिनयुक्त कफ सिरप की भारी खेप जब्त हुई है। साहुगढ़ भातु बाजार टोला में छापेमारी कर पुलिस ने भारी मात्रा में कोडिनयुक्त कफ सिरप बरामद किया है। इस मामले में कथित कारोबारी अमरेश साह उर्फ हिटलर को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने उसके पास से एक नेक्सॉन कार भी जब्त की है। इसका इस्तेमाल नशीली दवाओं की तस्करी में किया जा रहा था।
यह है मामला
पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि साहुगढ़ बाजार टोला निवासी अमरेश साह कार से अवैध नशीली दवा घर लेकर आया है। वह उसे उतारने की तैयारी कर रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल उसके घर पर छापेमारी की। मौके पर आरोपी अपनी नेक्सॉन कार में बैठा मिला। पुलिस ने उसे तुरंत हिरासत में ले लिया। वाहन की तलाशी में कफ सिरफ की 100 एमएल की कुल 2580 बोतलें बरामद की गईं।
बरामद सिरप में कोडिन फॉस्फेट और ट्राइप्रोलिडीन हाइड्रोक्लोराइड जैसे नशीले तत्व मिले हैं। जब्त कफ सिरप की कुल मात्रा 258 लीटर बताई गई है। पुलिस ने सदर थाना में प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया जारी है।










