जालौन (उप्र)। अवैध अस्पताल और पैथोलॉजी लैबों पर छापेमारी का मामला प्रकाश में आया है। प्रशासन ने कालपी में यह सख्त कार्रवाई शुरू की है। जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय के निर्देश पर टीम ने नगर में छापेमारी की। इस दौरान कोतवाली के पास संचालित महाकाल लैब को सील कर दिया गया। जांच के समय यहां लैब टेक्नीशियन अनुपस्थित था। कालपी हॉस्पिटल में भी कमियां मिलने पर नोटिस जारी करने की तैयारी है।
मामला
एसडीएम अमित शेखर व उनकी टीम ने नगर में औचक निरीक्षण किया। महाकाल लैब में निर्धारित मानकों का पालन नहीं हो रहा था। लैब टेक्नीशियन भी मौके पर नहीं मिला। इसके बाद उसे सील कर दिया गया। टीम ने एक हॉस्पिटल का भी निरीक्षण किया। यहां कुछ खामियां पाई गईं और संचालक को नोटिस जारी करने का प्रस्ताव है। छापेमारी की खबर से निजी अस्पतालों और पैथोलॉजी केंद्र संचालकों में हडक़ंप मच गया। अधिकांश प्रतिष्ठानों पर ताले लटक गए।
इस कारण टीम केवल दो स्थानों पर ही जांच कर सकी। बाकी संस्थान बंद मिले। एसडीएम अमित शेखर ने बताया कि जिन संस्थानों में अनियमितताएं मिलेंगी, उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। छापेमारी अभियान लगातार जारी रहेगा।










