दुर्ग (छत्तीसगढ़)। अल्प्राजोलम टैबलेट की अवैध बिक्री करते 3 युवक अरेस्ट किए गए हैं। आरोपी नेहरू नगर भिलाई चौक फ्लाईओवर के नीचे प्रतिबंधित नशीली दवा बेच रहे थे। पुलिस ने आरोपियों के पास से 840 अल्प्राजोलम टैबलेट, तीन मोबाइल और 1600 रुपए कैश जब्त किया है। तीनों के खिलाफ केस दर्ज कर उन्हें कोर्ट में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

यह है मामला

पुलिस को सूचना मिली कि नेहरू नगर भिलाई चौक फ्लाईओवर के नीचे तीन युवक नशीली दवा बेच रहे हैं। सुपेला पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। इलाके की घेराबंदी कर तीनों संदिग्धों को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान आरोपियों के पास अल्प्राजोलम 0.5 एमजी की 56 स्ट्रिप बरामद हुई। इनमें कुल 840 टैबलेट थीं। पुलिस ने मौके से तीन मोबाइल और नशीली दवा की बिक्री से मिली 1600 रुपए की कैश भी जब्त की।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अमन खान उर्फ अमन रक्सेल, अमर साहू और पंकज उर्फ भक्का विश्वकर्मा के रूप में हुई है। मामले में आगामी जांच की जा रही है।