कोलकाता (पश्चिम बंगाल)। सात निजी ब्लड बैंक विभाग की जांच के दायरे में आए हैं। ब्लड और प्लाज्मा के गैर-कानूनी कारोबार के चलते राज्य स्वास्थ्य विभाग ने सख्ती शुरू कर दी है। निजी ब्लड बैंकों पर स्वास्थ्य विभाग ने छापेमारी की है।
तलाशी अभियान चलाया
स्वास्थ्य विभाग ने हावड़ा और पूर्व बर्धमान जिलों के निजी ब्लड बैंकों में तलाशी अभियान चलाया। हावड़ा के निजी ब्लड बैंक से करीब 10,000 यूनिट ब्लड और प्लाज़्मा संदिग्ध रूप से दूसरे राज्यों में भेजा गया है। अधिकारियों ने ब्लड बैंक के रिकॉर्ड की गहन जांच की। जांच के लिए कई रिकॉर्ड जब्त भी किए हैं।
पूर्व बर्धमान के ब्लड बैंक पर बढ़ा शक
राष्ट्रीय राजमार्ग-19 स्थित पूर्व बर्धमान के निजी ब्लड बैंक में भी इसी तरह की जांच की गई। संदेह है कि इस बैंक ने स्थानीय आवश्यकता से अधिक रक्तदान शिविर लगाए। वहां एकत्र किए गए ब्लड को बाद में राज्य के बाहर भेज दिया। प्रारंभिक जांच में कुछ अनियमितताओं के संकेत मिले हैं। सभी संबंधित रिकॉर्ड की गहन जांच की जा रही है। जांच फिलहाल अहम चरण में है। यदि नियमों के उल्लंघन की पुष्टि होती है तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।










