जमशेदपुर। नशीली दवा बिक्री रोकने को मेडिकल स्टोरों पर रेड की गई। ड्रग विभाग की टीम ने साकची की चार दवा दुकानों में छापेमारी की। ड्रग इंस्पेक्टर सोनी बारा के नेतृत्व में जांच की गई। इस दौरान नशे के लिए दुरुपयोग होने वाली दवाओं के साथ खरीद, बिक्री के दस्तावेजों की भी जांच की। कोडीन युक्त सिरप पर टीम की विशेष नजर थी। किसी भी दुकान में यह सिरप नहीं मिला।

जांच के दौरान दुकानों में उपलब्ध दवाओं के स्टॉक एवं खरीद-बिक्री के रिकॉर्ड का भी मिलान किया गया। दो दवा दुकानों में खरीद, बिक्री और स्टॉक सही मिला। एक अन्य दुकान संचालक दवा खरीदारी का रिकॉर्ड पेश नहीं कर सका।

इससे तीन दिन में रिकॉर्ड दिखाने का आदेश हुआ है। दवाओं के स्टॉक जांच में भी खराबी नहीं मिली है। दुकानों की स्वच्छता को लेकर सफाई व कूड़ेदान की स्थिति जांची गई थी। दुकानदारों को डॉक्टर की पर्ची पर ही दवा देने का निर्देश दिया गया।