गुरुग्राम (हरियाणा)। नशीली दवाओं की अवैध बिक्री का भंडाफोड़ हुआ है। सोहना पुलिस ने कबीर नगर से एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस जब आरोपी के घर रेड करने पहुंची, तो वहां महिलाओं ने अंदर जाने से रोका। इसी दौरान आरोपी ने छत से प्रतिबंधित नशीली दवाएं पास के खेत में फेंक दीं। आरोपी युवक मौके से फरार हो गया।
पुलिस ने बाद में आरोपी आमिर को गिरफ्तार कर लिया। वह कबीर नगर का रहने वाला है। आमिर काफी समय से प्रतिबंधित नशीली दवाएं अवैध रूप से बेच रहा था। पुलिस को खेत से 49 बोतल प्रतिबंधित कफ सिरप बरामद हुआ है। वहीं 520 प्रतिबंधित गोलियां भी मिलीं। पुलिस ने इन दवाओं को जब्त कर जांच शुरू कर दी है। आरोपी ने बताया कि वह दिल्ली और जयपुर से प्रतिबंधित दवाएं खरीदकर लाता था। फिर उन्हें महंगे दामों पर बेचकर पैसे कमाता था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
बरामद दवाओं के स्रोत और उनकी सप्लाई से जुड़े लोगों की जांच की जा रही है। इस कार्रवाई के दौरान ड्रग इंस्पेक्टर डॉ. मुकेश भी मौजूद थे। आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया। कोर्ट ने उसे पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। रिमांड के दौरान आरोपी से प्रतिबंधित दवाओं की खरीद-फरोख्त बारे में पूछताछ की जा रही है।










