मुंबई। ड्रग इंस्पेक्टर पद की परीक्षा का पेपर लीक मामले में चार आरोपी अरेस्ट किए हैं। महाराष्ट्र लोक सेवा आयोग (एमपीएससी) की औषध निरीक्षक पद की परीक्षा हुई थी। इसमें पेपर लीक और अनधिकृत तरीके से प्रश्नसंच हासिल करने पर ये गिरफ्तारी हुई। मुंबई क्राइम ब्रांच ने चार और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें दो उम्मीदवार और दो बिचौलिए शामिल हैं। इस मामले में अब तक कुल 11 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।

गिरफ्तार किए उम्मीदवारों की पहचान साजिद संदे और विजय किंगर के रूप में हुई है। साजिद संदे को सांगली से, जबकि विजय किंगर को बुलढाणा से गिरफ्तार किया है। वहीं, मामले में बिचौलिए संदीप खलाटे और भैरवनाथ कदम को नवी मुंबई से गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया कि एमपीएससी की परीक्षा की गोपनीयता और निष्पक्षता का उल्लंघन किया गया।

जांच में सामने आया था कि उम्मीदवार ऋतुजा पाटील और गौरव पाटील के बीच प्रेम संबंध था। ऋतुजा ने अपने पिता अमृत पाटील से परीक्षा का पेपर हासिल करने की बात कही थी। इसके बाद अमृत पाटील कथित बिचौलिए प्रवीण पाटील के संपर्क में आया। प्रवीण पाटील नंदुरबार में कोचिंग क्लास चलाता था। प्रवीण पाटील और गिरफ्तार अधिकारियों के बीच करीब 5 लाख का ट्रांजेक्शन हुआ था। यह भी जानकारी मिली कि पूरी डील करीब 12 लाख रुपए में हुई थी। अब इस मामले में गिरफ्तार आरोपियों की कुल संख्या 11 हो गई है। विशेष जांच दल मामले में आगे की जांच में जुटा है।