संतकबीरनगर। लाइसेंस बिना चल रहे मेडिकल स्टोर से दवाएं जब्त की हैं। बखिरा क्षेत्र में एक मेडिकल स्टोर अवैध रूप से चल रहा था। इसकी शिकायत किसी ने आईजीआरएस के जरिए की। औषधि निरीक्षक ने स्टोर की जांच की तो लाइसेंस नहीं मिला। वहां मौजूद कुछ दवाइयां सील कर जब्त कर ली। दुकानदार के खिलाफ कोर्ट में परिवाद दाखिल करने की बात कही है।
यह है मामला
औषधि निरीक्षक प्रीति सिंह ने बताया कि आईजीआरएस पर एक व्यक्ति ने शिकायत की थी। बखिरा के देवकली चौराहा के पास एक मेडिकल स्टोर संचालित है। वह बिना लाइसेंस के चलता बताया गया। इसके बाद दुकान की जांच की गई। दुकान मालिक पन्ने लाल दुकान का संचालन कर रहा था। जब लाइसेंस मांगा गया तो वह कुछ दिखा नहीं पाए। दुकान पर ज्यादा दवाएं नहीं थी। जो दवाएं थीं उन्हें एक बोरी में भरवा दिया गया।
उसे सील कर जब्त कर लिया है। दो दवाओं का सैंपल लेकर जांच के लिए भेजा है। जांच रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। दुकान की विवेचना की जा रही है। उसके बाद कोर्ट में परिवाद दाखिल किया जाएगा। इस कार्रवाई से अन्य मेडिकल स्टोर संचालकों में हडक़ंप मचा है।










