बेलगावी (कर्नाटक)। मेडिकल इंस्टीट्यूट में जांच के दौरान एक्सपायर इंजेक्शन मिले हैं। उप लोकायुक्त जस्टिस बी. वीरप्पा ने बेलगावी इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (BIMS) का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान फार्मेसी में एंटी-रेबीज सहित कई एक्सपायर वैक्सीनें मिलीं। इनकी कीमत लाखों रुपये बताई गई है।
जिम्मेदारों पर कार्रवाई का निर्देश
उप लोकायुक्त ने एक्सपायर हो चुकी वैक्सीनों के इतने बड़े स्टॉक पर चिंता जताई। उन्होंने अधिकारियों को एक विस्तृत रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया है। इसमें यह बताना होगा कि ये वैक्सीनें एक्सपायरी डेट के बाद भी स्टोर में क्यों रखी थीं। उन्होंने इस लापरवाही के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने का भी आदेश दिया। उन्होंने दवाओं और वैक्सीनों की एक्सपायरी डेट की नियमित निगरानी करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि एक्सपायर हो चुका स्टॉक कहीं इस्तेमाल न किया जाए। क्योंकि इससे जनस्वास्थ्य को खतरा हो सकता है। फिलहाल इस मामले की जांच करवाई जा रही है।





