सूरत (गुजरात)। अवैध क्लीनिक चला रहे 9 फर्जी डॉक्टर रेड के दौरान अरेस्ट किए हैं। शहर के डिंडोली इलाके में एसओजी और स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त टीम ने क्लीनिकों पर रेड की। आरोपी जरूरी मेडिकल योग्यता के बिना क्लीनिक चला रहे थे। कार्रवाई के दौरान एलोपैथिक दवाइयां, इंजेक्शन, सिरप और मेडिकल उपकरण जब्त किए हैं। वहीं इनसे कुल 95,138 रुपये का सामान जब्त किया गया।
यह है मामला
बिना वैध मेडिकल योग्यता के क्लीनिक चलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही थी। ऐसे लोगों के गलत इलाज से मरीजों की जान को खतरा हो सकता है। इसी के तहत एसओजी ने अवैध क्लीनिकों की पहचान शुरू की। एसओजी को डिंडोली के नवागाम और आसपास के इलाकों में कई क्लीनिक की सूचना मिली थी। पुलिस ने पहले डमी मरीज भेजकर इनकी जांच कराई। सूचना सही मिलने पर जिला स्वास्थ्य विभाग से संपर्क किया गया।
इसके बाद क्लीनिकों पर एक साथ छापेमारी की गई। पकड़े गए लोगों में कई ऐसे हैं जिन्होंने 12वीं तक पढ़ाई की है। ये लंबे समय से क्लीनिक चला रहे थे। कुछ लोग पहले अलग-अलग अस्पतालों में कंपाउंडर के तौर पर काम कर चुके थे।
अलग-अलग क्लीनिकों से एलोपैथिक दवाइयां, इंजेक्शन, सिरप और मेडिकल उपकरण बरामद हुए। जब्त सामान की कुल कीमत 95,138 रुपये बताई गई है।
पुलिस ने नौ आरोपियों के खिलाफ डिंडोली पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया है। पकड़े गए लोगों में कुछ 10वीं और 12वीं पास हैं। कुछ कथित तौर पर फर्जी डिग्री के आधार पर प्रैक्टिस कर रहे थे। बिना जरूरी योग्यता के इलाज करने से मरीजों के स्वास्थ्य को गंभीर खतरा हो सकता है। इस कार्रवाई के बाद ऐसे क्लीनिकों पर निगरानी बढ़ाने की बात कही गई है।





