बालोद (छत्तीसगढ़)। नशीली दवाओं के अवैध कारोबार का भंडाफोड़ हुआ है। पुलिस ने नशीली दवाइयों की बिक्री और अवैध आपूर्ति करने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से ट्रामाडोल युक्त 464 प्रतिबंधित नशीले कैप्सूल, तीन मोबाइल फोन और नकदी जब्त की है। जब्त की गई सामग्री का मूल्यांकन 1,91,631 रुपये किया गया है। पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर कोर्ट में पेश किया और जेल भेज दिया है।
यह है मामला
पुलिस को सूचना मिली थी कि ग्राम सिवनी में तांदुला नदी पुल के नीचे युवक नशीली दवाइयां बेच रहा है। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और युवक को पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उसके बैग से ट्रामाडोल युक्त प्रतिबंधित नशीले कैप्सूल बरामद हुए। पूछताछ में आरोपी कुंदरूपारा, बालोद निवासी 38 वर्षीय अनूप सरकार बताया गया। अनूप की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने उससे पूछताछ की और मामले की विवेचना शुरू की। इस दौरान नशीली दवाइयों की खरीदी और बिक्री में दो अन्य आरोपियों की संलिप्तता पाई गई। पुलिस ने कुरूद निवासी दीपक धीवर और वाहिद खान को इस अवैध कारोबार में शामिल पाया। पुलिस ने दीपक और वाहिद को गिरफ्तार कर लिया।
1.85 लाख रुपये से अधिक के कैप्सूल जब्त
आरोपियों के पास से कुल 464 प्रतिबंधित नशीले कैप्सूल जब्त किए गए हैं। इनमें स्पैस-ट्रैस्कैन-प्लस के 312 कैप्सूल शामिल हैं। इनकी कीमत 1,24,800 रुपये आंकी गई है। आरोपियों के पास से स्पैस्मो-प्रॉक्सीवॉन-प्लस के 152 कैप्सूल भी बरामद किए हैं। इनकी कीमत 60,800 रुपये है। इस प्रकार जब्त किए 464 कैप्सूलों की कुल कीमत 1,85,600 रुपये बनती है। पुलिस ने आरोपियों से नशीली दवाइयों के अलावा तीन मोबाइल फोन और नकदी भी जब्त की है। जब्त सामग्री का कुल मूल्य 1,91,631 रुपये आंका गया है। पुलिस ने तीनों आरोपियों अनूप, दीपक और वाहिद को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया।





