मुरादाबाद (यूपी)। एंटीबायोटिक दवा के नाम पर चाक पाउडर बेचने वाले गिरोह का भंडाफोड़ हुआ है। गंभीर बीमारी में इस्तेमाल होने वाली मोक्सीफीट-सीवी 625 समेत अन्य एंटीबायोटिक दवा के स्थान पर चाक का पाउडर बेचा जा रहा था।
यह है मामला
आरबी मेडिकल स्टोर ईसमाइल मार्केट अमरोहा से लिए सैंपल की जांच रिपोर्ट सामने आई है। इस रिपोर्ट में दवा के नाम पर चाक पाउडर पाया गया। चंडीगढ़, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड से नकली दवाइयां बनकर दिल्ली पहुंचती। वहां पर पैकिंग के बाद हरथला निवासी आसिफ मुरादाबाद लाता। आरोपित अमित अपनी फर्मों के माध्यम से इन दवाइयों को कई प्रदेशों में सप्लाई करता था। जांच रिपोर्ट आने के बाद औषधि निरीक्षक ने पुलिस में तीनों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है।
नामी कंपनियों की नकली दवाइसां बनाकर उसे मेडिकल स्टोरों से बेचा जा रहा था। जेड आर मेडिकल स्टोर के संचालक ने बताया कि उसने यह दवाइयां अरीब फार्मास्यूटिकल फर्म से खरीदी है। इस फर्म का पार्टनर नवीन नगर निवासी अमित कुमार है। इसके बाद टीम ने अमित से पूछताछ की। उसने बताया कि उसने यह दवाइयां अमरोहा के अरीब फार्मास्यूटिकल फर्म से खरीदी थी। इसके बाद टीम ने अमरोहा जाकर इस बैच की दवाइयों के बारे में पूछताछ की। वहां कोई बिल नहीं दिखा पाया।
अमित कुमार ने अपनी अन्य फर्मों के जरिये नकली दवाइयों को भंडारण किया। इन्हें मेडिकल स्टोरों से बेचा गया है। उनका दावा है कि अमित आसिफ नाम के व्यक्ति से बिना किसी बिल के इन दवाइयां खरीदी हैं। औषधि निरीक्षक उमेश कुमार भारती ने थाने में दवा कारोबारी अमित कुमार और आसिफ और वासिफ समेत कुछ अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह ने बताया कि गंभीर मामला है। जांच कर आरोपितों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।





