पुणे (महाराष्ट्र)। एफडीए ने 1.39 करोड़ के बिना मंजूरी वाले न्यूट्रास्यूटिकल्स जब्त किए हैं। खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने खाद्य सुरक्षा नियमों के उल्लंघन के खिलाफ कार्रवाई की है। इस दौरान करीब 1.9 करोड़ रुपये के खाद्य पदार्थ, हेल्थ सप्लीमेंट्स और अन्य उत्पाद जब्त किए हैं।
एजेंसी ने कुल 27 प्रतिष्ठानों के खिलाफ कार्रवाई की है। वहीं, पुणे के दो लोकप्रिय भोजनालयों होटल वैशाली और रूपाली रेस्टोरेंट के फूड बिजनेस लाइसेंस निलंबित किए हैं। इन्हें खराब स्वच्छता व्यवस्था के चलते तत्काल प्रभाव से सस्पेंड किया है।
वैशाली और रूपाली रेस्टोरेंट पर कार्रवाई
पुणे शहर के प्रसिद्ध होटल वैशाली और रूपाली रेस्टोरेंट के खिलाफ एफडीए ने कार्रवाई की है। दोनों प्रतिष्ठानों में स्वच्छता संबंधी खामियां मिलने के बाद उनके फूड बिजनेस लाइसेंस सस्पेंड किए हैं। यह कार्रवाई खाद्य सुरक्षा और साफ-सफाई के निर्धारित मानकों के पालन को लेकर की गई है।
1.38 करोड़ रुपये के हेल्थ सप्लीमेंट्स जब्त

एफडीए के अनुसार राज्य के छह डिवीजनों में एक साथ निरीक्षण अभियान चलाया गया। इस दौरान हेल्थ सप्लीमेंट्स और न्यूट्रास्यूटिकल्स के 17 प्रतिष्ठानों की जांच की गई। अधिकारियों ने करीब 1.38 करोड़ रुपये का स्टॉक जब्त किया। जांच में ऐसे उत्पाद मिले, जिनमें इस्तेमाल किए कुछ इंग्रीडिएंट्स के अप्रूवल आवेदन पहले ही खारिज हो चुके थे। कुछ निर्माताओं ने जरूरी मंजूरी के बिना इन उत्पादों का निर्माण किया था। वहीं, कुछ मार्केटर्स के लाइसेंस में संबंधित फूड कैटेगरी शामिल नहीं थी।, इसके बावजूद वे इनकी बिक्री कर रहे थे।
नागपुर डिवीजन में सबसे ज्यादा जब्ती
जब्त किए हेल्थ सप्लीमेंट्स में सबसे अधिक 57.30 लाख रुपये का स्टॉक नागपुर डिवीजन से मिला। इसके बाद कोंकण से 47.65 लाख और पुणे डिवीजन से 30.57 लाख रुपये के उत्पाद जब्त किए। संदिग्ध उत्पादों को जब्त कर उनके नमूने जांच के लिए भेज दिए हैं। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।





