रायपुर (छत्तीसगढ़)। ब्यूटी सेंटर में छापेमारी कर अवैध पाकिस्तानी क्रीम जब्त की गई है। खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने कॉस्मेटिक उत्पादों के अवैध भंडारण और बिक्री के खिलाफ कार्रवाई की है। विभाग की टीम ने गोल बाजार स्थित बंजारी मार्केट के ओम ब्यूटी सेंटर में यह कार्रवाई की। छापेमारी में करीब 1 लाख 25 हजार रुपये कीमत की 236 कॉस्मेटिक क्रीम जब्त की हैं। इनमें 218 नग गोरी क्रीम और 18 नग चांदनी क्रीम शामिल हैं। उत्पादों की पैकेजिंग पर पाकिस्तान में बनने का मार्का मिला।
यह है मामला
नियंत्रक खाद्य एवं औषधि प्रशासन दीपक अग्रवाल के निर्देश पर कार्रवाई की गई। जिले में कॉस्मेटिक उत्पादों की जांच के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत विभागीय टीम ने ओम ब्यूटी सेंटर का औचक निरीक्षण किया। कार्रवाई के दौरान बरामद सभी क्रीम जब्त की हैं। उनके सैंपल जांच के लिए संग्रहित किए गए हैं। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को प्रतिष्ठान में गोरी और चांदनी नाम से बेची जा रही क्रीम मिलीं। जांच में इनकी पैकेजिंग पर पाकिस्तान में निर्माण संबंधी जानकारी दर्ज पाई गई।
विभाग ने मौके से 218 नग गोरी क्रीम और 18 नग चांदनी क्रीम जब्त की हैं। इनकी कुल अनुमानित कीमत करीब 1.25 लाख रुपये बताई गई है। उत्पादों के नमूने लेकर उनकी जांच कराई जा रही है। विभाग की ओर से मामले में नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
गोल बाजार की दूसरे दुकानों में भी हुई जांच
टीम ने गोल बाजार के अन्य कॉस्मेटिक प्रतिष्ठानों का भी निरीक्षण किया। हालांकि, वहां इस तरह की क्रीम नहीं मिलीं। ओम ब्यूटी सेंटर की निशानदेही पर टीमें अन्य इलाकों में भी छापेमारी कर रही हैं। औषधि प्रशासन ने व्यापारियों से केवल वैध स्रोतों से प्राप्त कॉस्मेटिक उत्पादों की बिक्री करने की अपील की है।





