सिरसा (हरियाणा)। नशीले कैप्सूल की खेप के साथ युवती को घर से अरेस्ट िकया गया है। यह कार्रवाई एंटी नारकोटिक्स सेल ने गांव भुर्टवाला क्षेत्र में की। पुलिस को सूचना मिली थी कि गांव भुर्टवाला में दो सगे बहन-भाई अपने घर पर अवैध रूप से नशीली दवाइयों की बिक्री करते हैं।

सूचना के तहत एंटी नारकोटिक्स सेल एवं ड्रग कंट्रोल विभाग की संयुक्त टीम का गठन किया गया। टीम ने गांव भुर्टवाला स्थित संदिग्ध घर पर दबिश दी। पुलिस टीम को देखकर आरोपित युवक मौके का फायदा उठाकर फरार हो गया। पुलिस ने पूजा रानी निवासी गांव भुर्टवाला को मौके पर गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान युवती के घर से 6600 सिग्नेचर कैप्सूल तथा 300 टेंपटाडोल कैप्सूल बरामद किए गए। बरामद नशीले कैप्सूलों को कार्रवाई के लिए ड्रग कंट्रोल विभाग के अधिकारियों को सुपुर्द कर दिया है। एसपी दीपक सहारण ने बताया कि फरार आरोपित की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं। मामले की गहनता से जांच की जा रही है।