जयपुर (राजस्थान)। एंटीबायोटिक दवा अमानक घोषित की गई है। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण आयुक्तालय ने एक एंटीबायोटिक दवा को अमानक घोषित करते हुए नकली दवा को लेकर अलर्ट जारी किया है।

जांच रिपोर्ट में अमोक्सिसिलिन पोटैशियम क्लेवुलेनेट एंड लैक्टिक एसिड बेसिलस टैबलेट (किलमेड 625 एलबी) नामक दवा अमानक मिली। जांच में सामने आया कि दवा में दावे के अनुरूप ‘क्लेवुलेनिक एसिड’ मौजूद ही नहीं था। यह इसके प्रभाव के लिए आवश्यक घटक है।

आयुक्त डॉ. टी. शुभमंगला ने बताया कि यह दवा वीएडीएसपी फार्मा, बद्दी (हिमाचल प्रदेश) से निर्मित थी। यह जयपुर स्थित ‘आईक्यूमेड हेल्थकेयर’ के लिए भेजी गई थी। औषधि नियंत्रक अजय फाटक ने बताया कि सभी सहायक ओषधि नियंत्रकों और औषधि नियंत्रण अधिकारियों को निर्देश दिए हैं। उन्हें अपने-अपने क्षेत्रों में इस बैच की उपलब्धता की जांच करनी होगी। साथ ही आवश्यक कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करें।

संबंधित निर्माता की अन्य दवाओं के सैंपल भी जांच के लिए लेने के निर्देश दिए हैं। जयपुर में गुर्जर की थड़ी स्थित ‘आईक्यूमेड हेल्थकेयर’ का निरीक्षण किया है। इस दौरान करीब 12.78 लाख रुपये मूल्य की नकली दवाओं का पूरा भंडार जब्त किया है। इन दवाओं के विक्रय और उपयोग पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी गई है।