कानपुर (उप्र)। कैंसर की दवा कार्बोप्लाटिन और सिस्प्लाटिन महंगी हो गई हैं। एनपीपीए ने कार्बोप्लास्टिन और सिस्प्लाटिन इंजेक्शन की संशोधित एमआरपी जारी कर दी है। इसमें 1350 रुपये की प्रति दर से आने वाली कार्बोप्लास्टिन की बायल अब 4083 रुपये में मिलेगी।
इसी प्रकार सिस्प्लाटिन इंजेक्शन की प्रति बायल 210 रुपये के बजाए 544 रुपये में मिलेगी। अगले सप्ताह तक जेके कैंसर को 500 बायल फस्र्ट लाइन कैंसर रोधी दवा कार्बोप्लास्टिन और सिस्प्लाटिन की डोज मिलने की उम्मीद है।
जेके कैंसर संस्थान के निदेशक प्रो. एसएन प्रसाद ने बताया कि ईरान युद्ध के कारण प्लैटिनम महंगी हुआ। इस कारण कैंसर की फस्र्ट लाइन दवा बनाने वाली कंपनियों के लिए समस्या खड़ी हो गई। उप्र मेडिकल सप्लाई कार्पोरेशन लिमिटेड से कैंसर की दवा की सप्लाई में कमी होने लगी।
दवा की कमी के कारण कैंसर रोगियों का इलाज बाधित हो रहा था। अब संशोधित मूल्य पर इंजेक्शन की सप्लाई की जाएगी। संस्थान के पास 1.74 करोड़ का बजट है। इसमें 80 फीसदी बजट कार्पोरेशन को दिया जा चुका है। दवा कार्पोरेशन में आते ही शेष बजट की आरसी से दवा खरीदी जाएगी। जेके कैंसर संस्थान लंबे समय से बदहाली का दंश झेल रहा है। भर्ती मरीजों को चुनिंदा दवा के सहारे वार्ड में उपचारित किया जाता है।










