पंचकूला (हरियाणा)। दवा खरीद के ई-टेंडर पर विवाद हो गया है। नागरिक अस्पताल ने दवाइयों और लैब के सामान की खरीद के लिए ई-टेंडर खेला था। शहर के करीब छह प्रमुख दवा फर्मों ने इस पर विरोध जताया है। इन्होंने अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधिकारी (पीएमओ) को कानूनी नोटिस भेजा है। इसमें टेंडर प्रक्रिया पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं।

नोटिस में टेंडर की शर्तों को ‘तर्कहीन’, ‘मनमानी’ और हरियाणा सरकार की नीतियों के खिलाफ बताया है। इसे तुरंत रद्द करने या संशोधित करने की मांग की गई है। नोटिस की प्रति स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को भी भेजी है। कारोबारियों ने टेंडर की शर्तों को छोटे और स्थानीय व्यापारियों के खिलाफ बताया है। टेंडर में भाग लेने के लिए 2 करोड़ रुपये का सालाना कारोबार अनिवार्य किया गया है। कारोबारियों का कहना है कि यह राशि टेंडर की कुल लागत के 10 प्रतिशत के भीतर होनी चाहिए। बिना अनुमानित लागत बताए इतनी बड़ी शर्त लगाना गलत है।

नोटिस भेजने वाली फर्मों में मैसर्स दीप हेल्थकेयर, ट्रूवेक्सा हेल्थकेयर, लोविश हेल्थकेयर, जैन मेडिकोज, शंकर मेडिकोज, बीबीएन ट्रेडर्स और अनमोल फार्मेसी शामिल हैं। कारोबारियों का कहना है कि यमुनानगर और गुरुग्राम जैसे जिलों में ऐसी शर्तें नहीं हैं। फिर पंचकूला में स्थानीय विक्रेताओं को बाहर करने वाली शर्तें क्यों थोपी जा रही हैं। कारोबारियों ने कहा है कि यदि टेंडर की शर्तों में तुरंत संशोधन नहीं किया तो वे हाईकोर्ट जाएंगे।