सोनबरसा। नशीली दवा की भारत-नेपाल सीमा पर तस्करी पकड़ी गई है। यह सफलता एसएसबी 51वीं बटालियन के जवानों ने पाई। रमनगरा गांव के समीप इंडो-नेपाल रोड पर जवानों ने एक नेपाली युवक को पकड़ा। तलाशी लेने पर सात बोतल नशीली दवा कोरेक्स, 100 नशीली टैबलेट मिली। इसके अलावा मोबाइल फोन और 6,920 नेपाली रुपये भी बरामद हुए।
यह है मामला
कंपनी कमांडर इंस्पेक्टर अधीर कुमार घोष के अनुसार जवान इंडो-नेपाल रोड पर निगरानी कर रहे थे। इसी दौरान रमनगरा गांव के समीप एक युवक नेपाल की ओर जाता दिखाई दिया। युवक की गतिविधियां संदिग्ध लगी। इस पर जवानों ने उसे रोककर पूछताछ की। इसके बाद झोले की तलाशी ली गयी।

उसमें नशीली दवाएं बरामद हुईं। झोले से कोरेक्स की सात बोतल, 100 नशीली टैबलेट मिली। वहीं एक मोबाइल फोन और 6,920 नेपाली रुपये बरामद किए गए। जवानों ने आरोपी को बरामद सामान के साथ कन्हौली थाना पुलिस को सौंप दिया। गिरफ्तार युवक की पहचान नेपाल के सर्लाही जिले के रुपेश कुमार के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गयी है।










