कटिहार (बिहार)। दवा दुकान पर रेड कर 9 लाख की नशीली दवाएं जब्त की हैं। नशीली दवाओं के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पटेल चौक स्थित शिव शक्ति फार्मा और उसके गोदाम में छापेमारी की। मौके से भारी मात्रा में नशीली दवाएं बरामद की हैं। कार्रवाई के दौरान एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है।
यह है मामला
शिव शक्ति फार्मा में कफ सिरप और नशीली गोलियों की अवैध बिक्री की सूचना मिली थी। नगर थाना पुलिस और ड्रग इंस्पेक्टर की टीम ने दुकान व गोदाम में छापेमारी की। पुलिस टीम को देखते ही एक व्यक्ति मौके से भागने लगा। जवानों ने पीछा कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ में उसकी पहचान संजय कुमार सिन्हा के रूप में हुई।
गोदाम की तलाशी में 357 बोतल कोडिन युक्त कफ सिरप और 13,720 नशीली गोलियां मिलीं। बरामद नशीली दवाओं की अनुमानित कीमत करीब 19 लाख रुपये है। कई ऐसी दवाएं भी मिलीं, जिनके भंडारण और बिक्री से संबंधित बिल मौजूद नहीं थे। ड्रग इंस्पेक्टर ने 46 प्रकार की दवाओं के 51 कार्टन जब्त किए हैं। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया है। इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका जांची जा रही है।










